अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मंगलवार को एक घंटे की बारिश में जलनिकासी के दावे बह गए। कई वार्डों की गलियों में जलभराव हो गया। लोगों के घरों में भी पानी भर गया। बारिश थमने के एक से दो घंटे बाद स्थिति सामान्य हुई। रात तक लोग सफाई करते रहे।
दिन में अच्छी धूप खिली होने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन शाम पांच बजे के बाद मौसम में बदलाव होने लगा। शाम छह बजे के आसपास मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। एक घंटे तक झांसी में तेज पानी गिरता रहा। इससे नाले-नालियां उफना गए। कच्चे पुल, सीपरी बाजार डाकघर के पास और कालीबाड़ी मंदिर के सामने पुलिया पर जलभराव हो गया। बारिश रुकने के बाद एक से दो घंटे तक जलभराव रहा। क्षेत्रीय पार्षद उमेश जोशी ने बताया कि प्रेमगंज स्थित उनके घर और आसपास के लोगों के आवास पर भी पानी भरा गया। रात तक लोग सफाई करते रहे।
पार्षद कन्हैया कपूर ने बताया कि प्रेमगंज मोहल्ले में ध्यानचंद कॉलोनी में भी जलभराव हुआ है। पार्षद अमित राय ने बताया कि भट्टागांव में सिंगर्रा पुलिया के पास जलभराव हो गया। खिरकपट्टी खातीबाबा मंदिर के पास में भी पानी भर गया। पार्षद प्रवीण लखेरा का कहना है कि खजूरबाग, इंद्रपुरी कॉलोनी, मेहंदीबाग, साईं विहार कॉलोनी में भी जलभराव हुआ है। बारिश खत्म होने के डेढ़ से दो घंटे तक पानी भरा रहा।
न जलभराव हुआ, न पंप से पानी निकालने की मांग आई : मुख्य अभियंता
नगर निगम के मुख्य अभियंता राजवीर सिंह का कहना है कि बारिश के दौरान अपर नगर आयुक्त मो. कमर के साथ उन्होंने कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया। आंतिया ताल, पानी वाली धर्मशाला, नटवली नाला समेत आसपास के क्षेत्रों में कहीं भी जलभराव नहीं हुआ। ज्यादातर क्षेत्रों में एक घंटे में पानी उतर गया। कहीं से भी पंप लगवाकर पानी निकालने की शिकायत नहीं आई है।
तीन दिन तक भारी बारिश के आसार
मूसलाधार बारिश से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिल गई। अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम पारा 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 0.6 डिग्री कम है। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह का कहना है कि तीन दिन तक झांसी में भारी बारिश के आसार हैं।