झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में संचालित नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) की महिला विंग की इंचार्ज डॉ. रश्मि सिंह को ग्वालियर की ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी में आयोजित दीक्षांत समारोह में एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स (एएनओ) एनसीसी के रूप में लेफ्टिनेंट की रैंक प्रदान की गई। इसके अलावा रैंक प्राप्त करने वालों में जनपद के दो विद्यालयों की दो प्रतिभागी शामिल हैं।
ग्वालियर की ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी में आयोजित तीन माह के ट्रेनिंग कोर्स की समाप्ति पर दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से 99 एनसीसी की महिला विंग की इंचार्ज महिलाओं ने इस कोर्स में प्रतिभाग किया। इसमें 41 सीनियर वर्ग और 57 जूनियर वर्ग एएनओ को भी रैंक दी गई। दीक्षांत समारोह में झांसी के स्वामी विवेकानंद कॉलेज की शीलू सिंह को सीनियर वर्ग तथा ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल की शमीमा मिर्जा भी उक्त ट्रेनिंग कोर्स में रैंक प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों में शामिल रहीं। गौरतलब है कि एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स (एएनओ) की लेफ्टिनेंट बनीं डॉ. रश्मि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में संचालित शिक्षा संस्थान में सहायक आचार्य के पद पर कार्यरत हैं।
दीक्षांत समारोह में मेजर जनरल अजय सेठ ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स (एएनओ) की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। दीक्षांत परेड में एनसीसी ओटीए ग्वालियर के कमांडेंट बिग्रेडियर तपन लाल साह तथा एयर डिफेंस बिग्रेड के कमांडर बिग्रेडियर वी. महाजन उपस्थित रहे।