झांसी। डकैतों के चुंगल से आजाद हुए डॉ.आरके गुरबक्शानी पर हमला करने जा रहे बदमाशों संग पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस टीम रात भर उसकी तलाश में कांबिंग करती रही लेकिन, कामयाबी हाथ नहीं आई।
मंगलवार देर शाम थानेवार नियमित चेकिंग चल रही थी। रात करीब सवा आठ बजे रक्सा की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई पड़े। पुलिस टीम ने उनको रुकने का इशारा किया लेकिन, युवकों ने तेज रफ्तार में भागना शुरू कर दिया। पुलिस ने उनका पीछा शुरू कर दिया। वायरलेस पर भी बदमाशों के भागने का मेसेज कर दिया गया। इस पर विपरीत दिशा से सीपरी बाजार पुलिस भी आ गई। जैसे ही बदमाश ग्वालियर रोड पर रक्सा कट के करीब पांच सौ मीटर भीतर पहुंचे, दोनों ओर से पहुंची पुलिस ने उनको घेर लिया। घिरने पर बदमाशों ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली रक्सा पुलिस की जीप के आगे बोनट पर जा लगी।
पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक बदमाश भाग गया जबकि पांव में गोली लगने से दूसरा बदमाश बाइक समेत वहीं गिर पड़ा। सूचना मिलते ही मौके पर एसएसपी दिनेश कुमार पी, सीओ सिटी, कोतवाली, नवाबाद, प्रेमनगर थाने से भारी पुलिस बल संग पहुंच गए। भागे बदमाश की आसपास तलाश शुरू की लेकिन, कई घंटे की कांबिंग के बाद भी वह हाथ नहीं आया। उधर, घायल बदमाश को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार शुरू कर दिया गया। एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर उससे पूछताछ की। एसएसपी के मुताबिक घायल बदमाश की पहचान लकारा निवासी राजवीर गुर्जर के तौर पर हुई है। उसके आपराधिक पृष्ठभूमि की तलाश की जा रही है।
पूछताछ के दौरान मालूम चलाकि दोनों बदमाश डॉ.गुरबक्शानी पर हमला करने की नीयत से निकले थे। फरार बदमाश के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पूछताछ के बाद दूसरी बातें मालूम चल सकेंगी।
दिनेश कुमार पी
एसएसपी
पहले से रडार पर थे लकारा के बदमाश
झांसी। डॉ.आरके गुरबक्शानी अपहरण कांड में पुलिस तमाम बिंदुओं की पड़ताल कर रही है। इसमें धौलपुर समेत लकारा के सक्रिय बदमाश पहले से ही पुलिस के रडार पर थे। थाना सीपरी बाजार क्षेत्र के संगम विहार कॉलोनी निवासी डॉ. आरके गुरबक्शानी का 29 जनवरी को तड़के करीब पांच बजे अपहरण हो गया था लेकिन, दूसरे दिन चिकित्सक मुरैना के हिंगोना गांव में सड़क पर जंजीरों से बंधे मिले। छूटने के बाद उन्होंने पुलिस को बताया कि डकैतों ने मुरैना के पास खेत में ले जाकर जंजीरों से हाथ-पैर बांधकर डाल दिया था। पुलिस इस मामले में मोबाइल टॉवरों के जरिए यहां सक्रिय बदमाशों की पड़ताल में जुटी थी। पुलिस के शक की सूई धौलपुर एवं लकारा इलाके में सक्रिय बदमाश पर थी। धौलपुर में केशव गुर्जर गैंग के साथ ही उसने ग्वालियर जेल में बंद लकारा के कुख्यात बदमाश पर निगाहें लगाई हुई थीं, इसी दौरान मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गया। एसएसपी दिनेश कुमार पी का दावा है कि इससे पूछताछ के बाद मामला सुलझा लिया जाएगा।