झांसी। शनिवार की देर रात को करीब साढ़े बारह बजे दतिया जनपद में ग्वालियर मार्ग पर सिंध नदी के पुल से आगे हुए भीषण हादसे में एक चिकित्सक की मौत हो गई। डॉक्टर की कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से घुस गई थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए थे। कार का गेट गैस कटर से काटकर किसी तरफ डॉक्टर को बाहर निकाला गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बंगरा के पलरा गांव निवासी डॉ. मधुर नायक (30) पुत्र राजीव नायक बंगरा व मऊरानीपुर में क्लीनिक चलाते थे। परिजनाें के मुताबिक डॉ. मधुर शनिवार रात अपनी कार से दतिया पीतांबरा मंदिर जाने की कहकर निकले थे। वह अकेले थे और खुद ही कार ड्राइव कर रहे थे। रात करीब 12:30 बजे उनकी कार ग्वालियर मार्ग पर थाना गोराघाट के सिंध नदी पुल के पास पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार ट्रक में पीछे से जा घुसी। दुर्घटना में डॉक्टर गंभीर घायल हो गए थे। सूचना पर मौके पर पहुंची दतिया पुलिस ने कार का गेट कटर से काटकर उन्हें बाहर निकाला।
देर रात पुलिस घायल को दतिया अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिजन दतिया पहुंच गए। पुलिस ने दतिया में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। डॉक्टर की मौत की सूचना मिलते ही परिवार और चिकित्सकों में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया है।
बहन झांसी में हैं डॉक्टर
झांसी। मृतक की छोटी बहन मधुरिमा नायक झांसी के सीपरी बाजार में क्लीनिक चलाती हैं। वह त्वचा रोग विशेषज्ञ हैं। उनका छोटा भाई ऋषभ भी बहन के साथ ही काम करता है। पिता राजीव नायक भी मेडिकल लाइन से जुड़े हुए हैं। जबकि उनकी मां गृहिणी हैं।