झांसी। कोविड-19 को देखते हुए जिलाधिकारी ने संदिग्ध मरीजों के टेस्टिंग न कराने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया साथ ही कंटेनमेंट जोन में प्रत्येक टीम को सौ टेस्ट करने को भी अनिवार्य कर दिया है।
जिला क्षय रोग नियंत्रण केंद्र से शनिवार को टेस्टिंग टीम रवाना करते हुए जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने कहा टेस्टिंग का काम पूरी संवदेनशीलता के साथ किया जाए। कोई भी घर छूटने न पाए। जिलाधिकारी ने कहा इस काम में शिकायतें मिलने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। कहा, प्रत्येक टीम के साथ सुरक्षा का इंतजाम किया गया है। टेस्टिंग टीम के साथ अभद्रता करने वालों से भी कड़ाई से निपटा जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा जो व्यक्ति संदिग्ध है लेकिन टेस्टिंग के लिए सामने नहीं आ
रहा ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जिलाधिकारी ने साप्ताहिक लॉकडॉउन का भी कड़ाई से पालन कराने का निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कंटेनमेंट जोन की खास तौर पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त अवनीश राय के मुताबिक शनिवार को कुल 43 टीमें कंटेनमेंट जोन एवं 8 टीमों को विभिन्न ब्लॉकों के लिए रवाना किया गया। लगभग 66 कंटेनमेंट जोन से टीम सैंपल लेंगी। इनकी एंटीजन टेस्टिंग कराई जाएगी। इस दौरान डॉ.जीके निगम, नगर मजिस्ट्रेट सलिल पटेल, एसडीएम संजीव मौर्या, अपर नगर आयुक्त आरके गुप्ता, सीओ सिटी संग्राम सिंह, डॉ.नरेश अग्रवाल, डॉ.प्रदीप गुप्ता समेत अन्य उपस्थित थे।