अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने मूंगफली क्रय केंद्रों का जायजा लेते हुए वहां कई गड़बड़ियां पकड़ी। केंद्र संचालकों को फटकार लगाते हुए उन्होंने इसे तत्काल दुरुस्त कराने के साथ ही खरीद केंद्रों में किसानों को सभी तरह की सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
चिरगांव के सेमरी स्थित उपमंडी में पीसीयू एवं यूपीपीएस एजेंसी की ओर से संचालित मूंगफली क्रय केंद्रों का जायजा लेने के दौरान जेफेड क्रय केंद्र में बडौरा किसान एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी के क्रय केंद्र में खरीद बंद मिली। केंद्र प्रभारी निर्मल कुशवाहा ने बताया कि आईडी न बन पाने से खरीद नहीं हो पा रही है। डीएम ने नाराजगी जताते हुए इसे जल्द दुरुस्त कराने को कहा।
पीसीयू संचालित केंद्र के कृषक टोकन रजिस्टर में किसानों से संभावित मूंगफली क्रय की तारीख दर्ज नहीं मिली। केंद्र प्रभारी नीलेश राजपूत भी कुछ नहीं बता सके जबकि टोकन पंजिका में अनिवार्य तौर पर इसे दर्ज किया जाना था। छिरौना निवासी कैलाश प्रकाश से मूंगफली खरीदी गई लेकिन उसका नाम क्रय पंजिका में नहीं मिला। एक अन्य क्रय केंद्र में भी किसान पंजीकरण दुरुस्त नहीं मिला। एक अन्य क्रय केंद्र पर भी बेचने वाले किसानों का विवरण नहीं मिला। जिलाधिकारी ने फटकार लगाते हुए यह गड़बड़ियां दूर करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि व्यवस्थाएं इस तरह बनाई जाएं, जिससे सिर्फ कृषकों को ही उपमंडी में प्रवेश मिले।