रात 10 बजे के बाद भी गूंज रही डीजे वाले बाबू की आवाज
मऊरानीपुर में प्रशासन के नियम की अनदेखी, लोग हो रहे बीमार
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। नगर में रात दस बजे के बाद भी डीजे वाले बाबू की आवाज गूंज रही है। इससे लोग बीमार हो रहे हैं। एक सीमा से अधिक शोरगुल होने पर लोगों के स्वास्थ्य पर सीधा असर पड़ता है।
सीओ लक्ष्मीकांत गौतम ने भी तेज आवाज में डीजे बजाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। लेकिन, कोई असर नहीं हुआ। जबकि डीजे संचालकों को नोटिस दिया गया कि दो साउंड से मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। लेकिन मानक के विपरीत डीजे बजने से घरों में लगे सभी सामान हिलने लगते हैँ। शादी, बरात में ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप आदि पर बड़े-बड़े साउंड बॉक्स और साउंड सिस्टम लगाकर तेज आवाज में दिन और रात गाने बजाए जा रहे हैं। हृदय रोगियों के लिए यह बहुत पीड़ादायक होता है। कानफाेड़ू आवाज स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण पर भी बुरा असर डाल रही है। लेकिन प्रतिबंध के बावजूद इनका शोर कम नहीं हो रहा। प्रशासन की कमजोरी का फायदा उठाकर डीजे संचालक नियमों की अवहेलना कर रातभर डीजे बजाते हैं। लोगों की प्रशासन से मांग है कि शीघ्र इस ओर ध्यान दे तथा इस पर अंकुश लगाए। उपजिलाधिकारी अजय यादव ने बताया कि आदेश का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों पर भी कार्रवाई की जाएगी।