अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। लोकसभा चुनाव के चलते शुक्रवार से कलक्ट्रेट के आसपास के रास्तों पर वाहनों के लिए डायवर्जन लागू किया गया है। यह डायवर्जन नामांकन लागू होने से नामांकन खत्म होने तक जारी रहेगा। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक इलाइट चौराहे से बस स्टैंड की ओर जाने वाला ट्रैफिक झोकन बाग, कचहरी चौराहा से होते हुए आगे जाएगा। इलाइट चौराहा से हंसारी की ओर जाने वाले वाहन इलाहाबाद बैंक चौराहा होते हुए आगे निकाले जाएंगे। इसी तरह हंसारी से बस स्टैंड की ओर जाने वाले वाहन झांसी होटल से कचहरी चौराहा होते हुए जाएंगे। हंसारी से चित्रा चौराहे की तरफ जाने वाले वाहन इलाहाबाद बैंक होते हुए रेलवे स्टेशन से चित्रा चौराहे की ओर जाएंगे। बस स्टैंड से इलाइट, हंसारी और रेलवे स्टेशन की तरफ जाने वाले वाहन हैवट मार्केट से सदर के रास्ते आगे भेजे जाएंगे। ललितपुर, शिवपुरी और दतिया की ओर जाने वाले भारी वाहनों को मेडिकल बाईपास के रास्ते आगे भेजा जाएगा। नामांकन को देखते हुए सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इनसेट
एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
नामांकन से पहले एसएसपी राजेश एस ने कलक्ट्रेट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सभी जगह बैरिकेटिंग समेत अन्य सुरक्षा इंतजाम देखे। सभी पुलिस अफसरों को ड्यूटी स्थल पर तैनात रहने को कहा। इस दौरान एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह, सीओ राजेश राय समेत अन्य पुलिस अफसर मौजूद रहे।