झांसी। जिला अस्पताल के डायलिसिस यूनिट में बेड की संख्या में इजाफा की उम्मीद बंध गई है। गरौठा विधायक ने लखनऊ में स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर बेड की कमी से किडनी रोगियों को डायलिसिस कराने में आ रही समस्याओं के बारे में बताया। इसके बाद मंत्री ने प्रमुख सचिव को बेड बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
लॉकडाउन के दौरान विधायक से कुछ मरीजों ने जिला अस्पताल में डायलिसिस बेड खाली न होने और कमी की शिकायत की थी। इस पर विधायक ने सीएमओ से बात की थी। स्वास्थ्य अधिकारियों से बात करने के बाद विधायक लॉकडाउन के दौरान ही स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जय प्रताप सिंह से मिलने लखनऊ पहुंच गए। मंत्री से मुलाकात कर झांसी की स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी। जिला अस्पताल में डायलिसिस बेड की कमी से होने से मरीजों को होने वाली परेशानी के बारे में बताया। इस पर मंत्री ने फोन पर जिला अस्पताल से संबंधित जानकारी ली। विधायक ने बताया कि मंत्री ने प्रमुख सचिव अमित मोहन को डायलिसिस बेड की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। जिला अस्पताल में बुंदेलखंड के मरीज आते हैं ऐसे में डायलिसिस यूनिट में बेड बढ़ना बहुत जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही डायलिसिस बेड की संख्या में इजाफा हो सकता है।