संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। रेलवे में वृद्ध व बीमारी से ग्रसित यात्रियों के लिए प्लेटफार्म पर उपलब्ध कराई गई ई-कार्ट को लेकर रविवार एक बार फिर विवाद की स्थिती बन गई। मामला डिप्टी एसएस कार्यालय पहुंचने पर दोनों पक्षाें की बात सुनकर मामला शांत कराया गया। विवाद ई-कार्ट से सामान ढोने को लेकर शुरू हुआ था।
प्लेटफार्म पर दोपहर करीब डेढ़ बजे कुलियों ने ई-कार्ट गाड़ी के चालक को वृद्ध व बीमार यात्रियों की जगह सामान ढाेने का आरोप लगाकर आपत्ति जताई। दोनों पक्षों में विवाद होने पर ई-कार्ट चालक ने कुलियों से कहा कि वह डिप्टी एसएस के कहने पर सामान लेकर ट्रेन तक छोड़ने गया था।
इस पर आक्रोशित कुली सीधे डिप्टी एसएस कार्यालय पहुंच गए। जहां डिप्टी एसएस ने कहा कि उन्होंने तो किसी को छोड़ने व लेने के लिए ई-कार्ट चालक से नहीं कहा। दोनों पक्षों को सामने बुलाने के बाद लगाए जा रहे आरोप-प्रत्यारोप पर डिप्टी एसएस ने हिदायत दी कि ई-कार्ट और कुलियों के काम पहले से बांटे गए हैं। ऐसे में कोई भी किसी के काम में हस्ताक्षेप करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ई-कार्ट चालक का आरोप था कि कुली ने उसे थप्पड़ जड़ दिया जबकि कुलियों का आरोप था कि चालक उनसे अभद्रता कर रहा था।