नेशनल बेकरी में खाद्य के नमूने भरने के बाद ने सील करने की कार्र्रवाई करती पुलिस।
झांसी। इलाइट-सीपरी मार्ग पर स्थित नेशनल बेकरी में रविवार को सैंपल लेने गई खाद्य विभाग की टीम और संचालक के बीच विवाद हो गया। खाद्य विभाग की टीम का आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई। सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए सैंपल नहीं लेने दिया गया। सूचना पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। देर शाम बेकरी को सील कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम रविवार की दोपहर साढ़े तीन बजे सैंपल लेने के लिए नेशनल बेकरी पहुंची। अभिहित अधिकारी राजेश द्विवेदी का आरोप है कि बेकरी के निरीक्षण के दौरान जब एक पैकेट को लेकर पूछताछ की तो बेकरी संचालक और स्टाफ ने टीम के एक सदस्य के साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने रोकने का प्रयास किया तो बेकरी का स्टाफ चाकू लाओ-चाकू लाओ कहकर चिल्लाने लगा। बाद में बेकरी संचालक व कर्मचारी ने उनके साथ भी मारपीट की। अभिहित अधिकारी के मुताबिक उन्होंने तुरंत सिटी मजिस्ट्रेट को फोन करके मामले की सूचना दी। कुछ ही देर में सिटी मजिस्ट्रेट और नवाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। सिटी मजिस्ट्रेट सलिल पटेल ने बताया कि जब वह पहुंचे तो बेकरी का मालिक फरार हो गया था। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत बेकरी को सीज कर दिया गया है। वहीं, बेकरी संचालक का कहना है कि खाद्य विभाग की टीम के साथ पुलिस साथ में नहीं थी। इसलिए समझ नहीं पाए किस विभाग की टीम है। मारपीट के आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं।