गाली-गलौज के बाद की मारपीट
शिकायती पत्र के अनुसार, शिल्पी राजा पत्नी दिलीप, निवासी चांदमारी, थाना कोतवाली, ललितपुर ने बताया कि 26 अक्तूबर 2026 की सुबह करीब नौ बजे वह सदनशाह स्थित कोहिनूर गार्डन के पास मौजूद थीं। इसी दौरान रूबी उर्फ घन्सू कुशवाहा अपने साथ तीन-चार अज्ञात लोगों को लेकर वहां पहुंची और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगी। विरोध करने पर सभी ने एकराय होकर उनके साथ मारपीट की।
'शहर में कहीं भी बधाई मांगने गईं तो इसका अंजाम ठीक नहीं होगा'
आरोप है कि घटना के दौरान शिल्पी राजा की साथी सुनेना, शिवानी, अंजली और शिमरन मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव करने लगीं। इस पर आरोपी पक्ष ने उनके साथ भी गाली-गलौज की। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपितों ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि वह शहर में कहीं भी बधाई मांगने गईं तो इसका अंजाम ठीक नहीं होगा और उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
शिल्पी बोली- मेरे पास मारपीट का वीडियो
शिकायती पत्र में शिल्पी राजा ने बताया कि कथित घटना का वीडियो उनके पास मौजूद है। उन्होंने आरोपितों से स्वयं और अपनी साथियों की जान-माल को खतरा बताते हुए पुलिस से मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। वही दूसरे पक्ष की रूबी नायक व मुस्कान नायक ने भी प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच में जुट गई है।