झांसी। कोरोना वायरस के संक्रमण के अंधकार के बीच अच्छी खबरें भी सामने आ रही हैं। बुधवार को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज से कोरोना के दो मरीजों को संक्रमण से मुक्त होने के बाद छुट्टी दे दी गई। इसके अलावा पांच और मरीजों की रिपोर्ट भी निगेटिव आ रही है। संभावना है कि फाइनल रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद इन्हें भी अस्पताल से जल्द छुट्टी दे दी जाएगी।
झांसी जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण का पहला मामला 27 अप्रैल को सामने आया था। ओरछा गेट के पास कुष्टयाना मुहल्ला निवासी एक 59 साल की महिला में इसका संक्रमण पाया गया था। इसके बाद आनन - फानन में हुई पड़ताल में संक्रमित महिला के परिजनों व पड़ोसियों में भी इस महामारी का संक्रमण पाया गया था। इलाके को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया था। इसके आसपास के लगभग एक दर्जन मुहल्लों को कंटेनमेंट एरिया घोषित कर दिया गया था। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर क्षेत्र की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई थी। यह स्थिति अभी भी बनी हुई है। हालांकि, अब इस इलाके से अच्छी खबरें सामने आने लगी हैं। तीन दिन पहले पहली संक्रमित महिला मरीज के संक्रमण मुक्त होने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी और अब उसके बेटे और जेठ को डिस्चार्ज कर दिया गया है। लगातार निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज से विदा किया गया। इस दौरान सभी ने तालियां बजाकर संक्रमण से मुक्त होने वाले मरीजों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर डीएम आंद्रा वामसी, सीडीओ निखिल टीकाराम फुंडे, मेडिकल कॉलेज के उप प्राचार्य डॉ. एनएस सेंगर, सीएमएस डॉ. हरिश्चंद्र आर्या, डॉ. अमित सहगल, डॉ. पारस गुप्ता, डॉ. पंकज सोनकिया, डॉ. जकी सिद्दीकी, डॉ. अंशुल जैन आदि मौजूद रहे।