झांसी। पुलिया नंबर नौ से हंसारी के बीच का बड़ा नाला सफाई न होने से पांच मोहल्ले में लोगों के लिए सिरदर्द बना है। पिछली बारिश में भी इसकी सफाई नहीं हुई थी। इससे बारिश में लोगों के घरों में गंदा पानी घुस गया था। अबकी भी इसकी सफाई शुरू नहीं हुई। इससे मोहल्ले के लोग परेशान हैं।
पुलिया नंबर नौ से हंसारी के बीच करीब पांच किलोमीटर लंबे नाले से रेलवे वर्कशॉप, पुलिया नंबर नौ, नगरा, हंसारी, टपरियन, नैनागढ़ आदि इलाकों का पानी बाहर जाता है लेकिन, नगर निगम इस नाले की नियमित सफाई नहीं कराता। इस वजह से नाले में गाद भर गई। इससे बारिश के दिनों में पानी आगे नहीं निकल पाता और बैक फ्लो होकर निचले मोहल्लों में पानी भर जाता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक हर बारिश में यह परेशानी होती है। झोकनबाग से काली मंदिर होते हुए खुशीपुरा जाने वाला नाला भी गंदगी से भरा है। विपिन बिहारी रोड के पास नाले के नीचे पुलिया पूरी तरह चोक है। यहां से अभी पानी आगे नहीं निकल पाता। यही हाल रहा तो बारिश के समय नाले के पानी का बैक फ्लो होना तय है। इसके बावजूद निगम प्रशासन ने सफाई शुरू नहीं कराई।
- पुलिया नंबर नौ के नाले की सफाई के लिए कई बार नगर निगम में शिकायत की जा चुकी लेकिन, इसकी सफाई नहीं होती। इस वजह से हर बारिश में यह नाला परेशानी की वजह बनता है।
रवींद्र साहू
- विपिन बिहारी रोड पर पुलिया के नीचे कई महीने से नाला चोक है। इस वजह से अक्सर गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है। बारिश के दिन में यहां मुसीबत बढ़ जाएगी। इस नाले की सफाई करानी जरूरी है।
विक्रम सेन