झांसी। नगर निगम में डीजल पर्ची के खेल पर लगाम लगाने के लिए बनाई डीजल पंप लगाने की योजना अफसरों की अनदेखी से ठंडे बस्ते में चली गई। निगम की कार्यशाला में डीजल पंप लगाने के लिए टैंकर खरीद लिया गया, लेकिन अफसरों ने शासन से अनुमति के लिए कोई पैरवी नहीं की।
दरअसल, चार साल पहले नगर निगम की कार्यशाला में डीजल पंप लगाने की योजना बनाई थी। इसके पीछे उद्देश्य था कि वाहनों को मिलने वाले डीजल के खेल पर लगाम लग सके। इसके लिए निगम ने इंडियन ऑयल के साथ अनुबंध भी किया था। इंडियन ने 20 हजार लीटर क्षमता का पंप खोलने के लिए तैयारी शुरू कर दी। पंप के लिए टैंकर की खरीद भी हो गई। फाइल को अनुमति के लिए शासन को भेजा गया, लेकिन शासन में अधिकारियों ने कोई पैरवी नहीं की। इससे टैंकर कार्यशाला में कबाड़ में तब्दील हो गया है। पंप की फाइल का भी कोई अता पता नहीं है। मामले में नगर निगम के अफसरों ने जानकारी कराने की बात कही है।