बीकेडी से जीवनशाह तिराहा मार्ग के बीच ट्रांसफार्मर का तेल गिरने से बृहस्पतिवार को दोपहर कई बाइक सवार फिसल कर चुटहिल हो गए। गनीमत रही लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए सड़क के उस हिस्से को बंद कर दिया, जिसमें तेल फैला हुआ था। बाद में फायर ब्रिगेड टीम ने पानी की बौछार से सड़क पर फैले तेल को बहाया। इस दौरान दूसरे तरफ मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।
बृहस्पतिवार की दोपहर करीब बारह बजे मुन्नालाल वर्कशाप से एक एमवीएम और सौ केवीए के दो ट्रांसफार्मर मिनी ट्रक में रखकर हंसारी स्टोर ले जाए जा रहे थे। ट्रक बीकेडी से जीवनशाह की तरफ बढ़ रहा था, तभी कुंज बिहारी मंदिर के आगे एक मोड़ पर कार सवार के सामने आने पर चालक ने ब्रेक लगा दिए। अचानक लगे ब्रेक के झटके से सौ केवीए ट्रांसफार्मर का रस्सा टूट गया और वह वन एमवीए ट्रांसफार्मर से जा टकराया। इस टक्कर में वन एमवीए का ट्रांसफार्मर रेडिएटर फट गया और उसमें भरा तेल बाहर निकलकर सड़क पर फैलने लगा। चालक को जब तेल फैलने का पता लगा तो उसने अवर अभियंता से बात कर दुबारा गाड़ी को वर्कशाप की तरफ मोड़ दिया, लेकिन तब तक काफी मात्रा में तेल सड़क पर फैल चुका था। इसके बाद सड़क से गुजर रहेे बाइक सवारों का फिसलना शुरू हो गया। एक- एक कर करीब पंद्रह बाइक सवार सड़क पर गिरकर चुटहिल हो गए। यह देख एकत्रित हुए लोगों ने बाइक सवारों को रोकना शुरू कर दिया। साथ ही मार्ग के दोनों तरफ बैरीकेडिंग लगाकर उसे बंद कर दिया। इससे दूसरे तरफ मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। खबर लगने पर पहुंचे यातायात प्रभारी सुभाष चंद्र दुबे ने स्थिति को संभाला। फायर ब्रिगेड के पहुंचने पर पानी की बौछार से सड़क पर जमा तेल को बहाया गया। इसके बाद ही यातायात को सामान्य बनाया जा सका।
सात सौ लीटर भरा हुआ था तेल
वन एमवीए ट्रांसफार्मर में सात सौ लीटर तेल भरा हुआ था। घटना के कारण तीन सौ लीटर तेल सड़क पर बह गया। बहे तेल की कीमत 75 हजार रुपये बताई गई है।