संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए झांसी मंडल में आने वाले ओरछा रेलवे स्टेशन पर अब दो एक्सप्रेस ट्रेनों का स्थाई ठहराव 30 मई से होगा। इनमें बुंदेलखंड एक्सप्रेस और खजुराहो इंटरसिटी शामिल है।
ओरछा स्टेशन पर 30 मई से ट्रेन 11107 ग्वालियर–बनारस बुंदेलखंड एक्सप्रेस का ठहराव रात 11:00-11:02 बजे होगा तथा 31 मई को 11108 बनारस–ग्वालियर बुंदेलखंड एक्सप्रेस का ठहराव सुबह 4:50-4:52 बजे होगा। इसी प्रकार, 30 मई से ट्रेन 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव दोपहर 1:00-1:02 बजे तथा गाड़ी 19666 उदयपुर-खजुराहो इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव दोपहर 2:23-2:25 बजे होगा। ओरछा पर ठहराव के कारण बुंदेलखंड एक्सप्रेस के ओरछा स्टेशन पर ठहराव के समय में बदलाव हुआ है। अब यह ट्रेन निवाड़ी रात 11:19 बजे, टेहरका 11:33 बजे, मऊरानीपुर 11:51, हरपालपुर रात 00:11 बजे पहुंचेगी। डीआरएम दीपक कुमार सिन्हा ने बताया कि इस ठहराव से यात्रियों की सुविधा में वृद्धि होगी तथा अब ओरछा से ग्वालियर, खजुराहो, वाराणसी और उदयपुर जैसे प्रमुख स्थलों तक सीधी और सुगम रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इस ठहराव से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा क्योंकि ओरछा एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से समृद्ध स्थल है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। झांसी मंडल से अमृत भारत स्टेशन के तहत इसका कायाकल्प किया गया है। इसका वर्चुअल लोकार्पण पीएम मोदी ने 22 मई को किया था। 27 मई को झांसी-प्रयागराज पैसेंजर ट्रेन का विस्तार ग्वालियर तक किया गया है।