रिपोर्ट की मांग को लेकर बडी संख्या में कोतवाली पहुंची महिलायें
- फोटो : DEHAT
गरौठा। लखेरी नदी के पास मिले युवक के शव को कोतवाली में रखकर ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप हैं पुलिस हत्या के मामले को संदिग्ध मौत का मुकदमा दर्ज करके मामले की इतिश्री कर लेना चाहती है। गांव के लोगों का कहना है कि जब तक हत्या का मामला दर्ज नहीं हो जाता है तब तक वह युवक का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। बाद में मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अफसरों ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराने का आश्वासन दिया तब कहीं ग्रामीण माने।
मालूम हो कि बृहस्पतिवार को लखेरी नदी के पास एक युवक का शव मिला था। घटना की सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंची थी, पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा दिया था। इस बात से परिजन व गांव के लोगों में नाराजगी थी। शुक्रवार की सुबह पुरुषों के अलावा महिलाओं ने भी कोतवाली के सामने शव को रखकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे सीओ गरौठा मनीष चन्द्र सोनकर एवं प्रभारी निरीक्षक सभाजीत मिश्रा ने गांव के लोगों को नामजद दो लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया, तब कहीं मामला शांत हुुआ । द्वारिकापुरी निवासी मृतक के पिता परमाई ने शुक्रवार की शाम को कोवताली में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उसके पुत्र दुर्गेश (37 वर्ष ) गांव के दो लोगों के साथ काम करता था । बृहस्पतिवार को यह दोनों लोग घर पर आए और दुर्गेश को दिन में ग्यारह बजे के करीब घर से अपने साथ लिवाकर ले गए । दोनो ने बताया था कि वह दुर्गेश को मजदूरी के लिए कबूतरा डेरा ले जा रहे हैं । शाम लगभग पाँच बजे जानकारी मिली कि दुर्गेश सिद्धेश्वर आश्रम के पास लखेरी नदी के किनारे मृत हालत में पड़ा हुआ है । आरोप है कि इन दोनों लोगों ने मिलकर ही हत्या कर शव को लखेरी नदी के किनारे फेंक दिया । गुरूवार की शाम को पुलिस ने शव को बरामद कर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मऊरानीपुर भेजा था ।