संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। शुक्रवार को अधिवक्ताओं व समाजसेवियों ने रेल मंत्री को ज्ञापन भेजा, जिसके जरिये वंदे भारत को वाया मऊरानीपुर, महोबा, चित्रकूट धाम कर्वी चलाने की मांग की।
पत्र में कहा गया कि इस मार्ग से ट्रेन का संचालन होने पर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश दोनों राज्यों के नागरिकों को भोपाल एवं लखनऊ आने-जाने की सीधी और त्वरित सुविधा मिलेगी। मऊरानीपुर होकर वंदे भारत ट्रेन चलाने से न केवल रेलवे का राजस्व बढ़ेगा, बल्कि मऊरानीपुर का सर्वांगीण विकास होगा। इससे यहां के विद्यार्थियों, गंभीर मरीजों, व्यापारियों व अधिवक्ताओं को सीधे लाभ पहुंचेगा। इस मौके पर अधिवक्ता रामसिंह, ज्योतिप्रकाश निरंजन, राहुल पटेल, जगतपाल सिंह, हेमंतराज श्रीवास्तव, सुरेश चौरसिया, कौशलेंद्र चौधरी, ज्ञानेंद्र तिवारी, भूपेंद्र कुमार सिंघल, प्रवीण कुमार सिरौठिया आदि मौजूद रहे।
0000
मऊरानीपुर बुंदेलखंड का एक प्रमुख व्यापारिक और सांस्कृतिक केंद्र है। क्षेत्रवासियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और मरीजों को लखनऊ व भोपाल तक सुलभ एवं तीव्र आवागमन के लिए वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेन की नितांत आवश्यकता है। इस संबंध में रेल मंत्री से वार्ता कर वाया मऊरानीपुर में वंदे भारत चलाने की मांग की जाएगी। - डॉ. रश्मि आर्य, विधायक
0000
प्रस्तावित वंदे भारत हाईस्पीड ट्रेन को मऊरानीपुर, महोबा, चित्रकूट और बांदा से होकर चलाया जाना आवश्यक है। इससे रेलवे के राजस्व में वृद्धि होगी। साथ ही मऊरानीपुर का विकास भी गति पकड़ेगा। इस सुविधा से स्थानीय विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और अधिवक्ताओं को सीधा लाभ पहुंचेगा। - हरिश्चंद्र सोनी, अधिवक्ता