सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होने वाली परीक्षा में 512 परीक्षार्थी होंगे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। डीएलएड के द्वितीय सेमस्टर की बैक और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा दो केंद्राें पर 12 अक्तूबर से शुरू होगी और 17 अक्तूबर तक चलेगी। परीक्षा में कुल 512 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए कक्ष निरीक्षक के तौर पर बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा पुलिस सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी।
जनपद में डीएलएड के द्वितीय सेमस्टर की बैक व चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा के लिए दो केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बनाए गए हैं। इस परीक्षा में जीआईसी में 264 और जीजीआईसी में 248 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। शांति पूर्वक परीक्षा कराने के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट व सचल दल को नामित कर दिया गया है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था की ड्यूटी के लिए परीक्षा केंद्रों पर पुलिस तैनात रहेगी। परीक्षा कराने के लिए कक्षा निरीक्षकों के तौर पर बेसिक शिक्षा विभाग के करीब 60 शिक्षक-शिक्षिकाओं की बाह्य कक्ष निरीक्षकों के तौर पर ड्यूटी लगाई गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रत्नेश कुमार ने ड्यूटी करने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को गंभीरता के साथ परीक्षा ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं।
डायट प्राचार्य दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षा 12 अक्तूबर से दो केंद्रों पर शुरू हो रही है और यह 17 अक्तूबर तक चलेगी। शांति पूर्वक परीक्षा कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं दुरस्त करा ली गई है। सुरक्षा के लिए केंद्रों के बाहर पुलिस तैनात रहेगी।
-