झांसी। डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजना के तहत झांसी की गरौठा तहसील के छह गांवों में भूमि के पुनर्ग्रहण और विनिमय की प्रक्रिया लंबित है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र लिखकर संबंधित भूमि के पुनर्ग्रहण/विनिमय के आदेश उपलब्ध कराने के लिए कहा है।
यूपीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेश कुमार भाटिया ने बताया कि गरौठा तहसील के संबंधित गांवों की भूमि के पुनर्ग्रहण/विनिमय के आदेश अभी तक यूपीडा को प्राप्त नहीं हुए हैं। इन आदेशों के अभाव में डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजना से संबंधित ले-आउट प्लानिंग, अवस्थापना विकास और निवेशकों को आवंटन में परेशानी हो रही है। यूपीडा ने डीएम से सूची में शामिल गांवों के पुनर्ग्रहण/विनिमय आदेश तत्काल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि कुछ खसरा नंबरों से संबंधित आदेश अभी तक जारी नहीं हो पाए हैं, तो नियमानुसार आदेश पारित कर उनकी प्रतियां उपलब्ध कराई जाएं। यूपीडा ने जिला प्रशासन से संबंधित भूमि के आदेश उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा है, ताकि डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजना से जुड़े नियोजन और विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।
भूमि का गांववार विवरण
..............................
गांव भूमि
गेंदा कबूला 12.45 हेक्टेयर
एरच 1.15 हेक्टेयर
नैकेरा 10.20 हेक्टेयर
कठर्री 4.96 हेक्टेयर
लभेरा 2.30 हेक्टेयर
झबरा 0.79 हेक्टेयर