झांसी। सीपरी बाजार थाना इलाके में कर्ज से परेशान एक मजदूर ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक ने दो बेटियों की शादी के लिए गांव के साहूकारों ने तीन-चार लाख रुपये का कर्ज लिया था। तीसरी बेटी की शादी का उसके पास कोई इंतजाम नहीं था। इससे परेशान होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
ग्राम पहलगुवां निवासी रतिराम (48) मजदूरी कर अपने परिवार का जीवन यापन करता था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटियां व एक बेटा है। दो बेटियों की शादी वो कर चुका था। इसके लिए उसने गांव के ही साहूकारों से तीन-चार लाख रुपये का कर्ज लिया था। उसे तीसरी बेटी की शादी भी करनी थी, परंतु पैसों का उसके पास कोई इंतजाम नहीं था। रतिराम के चाचा धनीराम ने बताया कि इससे वो लगातार परेशान रह रहा था। सूदखोर आए दिन उससे पैसा मांगते थे और परेशान करते थे। रोजाना की तरह वह मंगलवार की सुबह शौच के लिए घर से निकला। इसके बाद वो वापस नहीं आया। इस पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी दरम्यान मालूम चला कि रतिराम का शव गांव के एक खेत पर पेड़ के सहारे फंदे पर लटका हुआ है। सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।