अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नवाबाद के गुमनावारा निवासी युवक का शव बबीना में रेल पटरी से बरामद हुआ। उसकी मौत की वजह साफ नहीं हुई है। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थाना नवाबाद के गुमनावारा निवासी देवेंद्र नायक (30) पुत्र भरत रत्न नायक प्राइवेट पैथालॉजी में काम करता था। परिजनों के मुताबिक रविवार को वह घर से निकला था। रात में उसका कुछ पता नहीं चला। उसे कई जगह तलाशा गया लेकिन, कहीं भी पता नहीं लगा। सोमवार को उसका शव बबीना में भेल के पास झांसी-भोपाल रेल लाइन से बरामद हुआ। कुछ घंटे बाद किसी तरह पुलिस उसकी शिनाख्त करा सकी। सूचना पर परिवार के लोग भी पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को बताया बबीना में देवेंद्र का आना-जाना नहीं था। ऐसे में वह यहां कैसे पहुंचा, इस बारे में उनको कुछ नहीं पता। उसके शरीर में चोट के निशान मिले हैं। चोट के निशान से हत्या की आशंका भी जताई जा रही लेकिन, पुलिस अधिकारियों ने भी इस बारे में चुप्पी साध रखी है। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर उसकी मौत की सही वजह मालूम चल सकेगी।