झांसी। सोमवार को पंजाब मेल के एसी कोच में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव कोच के शौचालय में मिला। जीआरपी ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। जीआरपी के मुताबिक शव पर चोट के कोई निशान नहीं मिले। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही साफ होगी। युवक ट्रेन से नासिक जा रहा था।
जीआरपी इंस्पेक्टर सुनील सिंह के मुताबिक पंजाब के तरनतरान, थाना कच्चा-पक्का निवासी गुरुप्रताप सिंह (36) फिरोजपुर स्टेशन से नासिक के लिए रवाना हुए थे। गुरुप्रताप नासिक में नौकरी करते थे। छुट्टियां बिताने के बाद वह नासिक जा रहा था। साथ में सफर कर रहे यात्रियोें के मुताबिक सुबह वह शौचालय गए। काफी देर के बाद भी वह वापस नहीं लौटे। काफी देर तक शौचालय बंद था। इस पर यात्रियों ने जीआरपी को सूचना दी।
दोपहर में 12 बजे ट्रेन जब झांसी स्टेशन पहुंची तब जीआरपी मौके पर पहुंच गई। जीआरपी ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। गुरुप्रताप के ऊंचे कद का होने से उसका शव बाहर निकालने में पुलिस को काफी परेशानी हुई। तलाशी के दौरान उसकी जेब से मोबाइल फोन मिला। उसके फोन पर कई मिस कॉल पड़ी हुई थी। कॉलबैक करने पर फोन उसकी पत्नी कुलविंदर कौर ने उठाया। पुलिस ने वीडियो कॉल करके गुरुप्रताप की शिनाख्त कराई। पुलिस के मुताबिक गुरुप्रताप के घर वाले झांसी के लिए रवाना हो चुके हैं। उधर, पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जीआरपी इंस्पेक्टर का कहना है शरीर पर बाहरी चोट के कोई निशान नहीं मिले। परिवार के सदस्यों के यहां आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उसके बाद ही मौत की वजह साफ हो सकेगी।