अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। परिजनों से नाराज होकर नोट घाट से बेतवा नदी में छलांग लगाने वाले युवक का छह दिन बाद शव बरामद हो सका। 26 फरवरी को नदी में छलांग लगाने के बाद युवक की तलाश में पुलिस जुटी थी लेकिन उसका पता नहीं लग रहा था। उसका शव पुल से करीब पांच सौ मीटर दूर बरामद हुआ।
टीकमगढ़ के सेंधरी थाना के करगुवां गांव निवासी हरिओम रायकवार (24) पुत्र रघुवीर गांव में किराना की दुकान चलाता था। उसके छोटे भाई नरेंद्र का कहना है कि हरिओम को दोस्तों के साथ जुआ खेलने की लत लग गई थी। जुआ हारने पर हरिओम को उसके दोस्त उधार में पैसा देकर मोटा ब्याज वसूलते थे।
परिजनों के समझाने का भी हरिओम पर असर नहीं हुआ। 26 फरवरी को हरिओम दोस्तों के साथ जुआ खेल रहा था। नरेंद्र वहां जा पहुंचा। नरेंद्र ने उनका जुआ खेलते हुए वीडियो बना लिया। यह देख हरिओम के दोस्त नाराज हो गए। नरेंद्र पर वीडियो डिलिट करने का दबाव बनाने लगे। हरिओम से भी दोस्तों ने झगड़ा किया। नाराज होकर हरिओम बिना किसी से कुछ कहे बरुआसागर के नोट घाट पुल जा पहुंचा। पड़ाेसी मीनू को फोन करने के बाद नदी में छलांग लगा दी। तलाशते हुए परिजन भी जा पहुंचे। पुलिस भी उसे तलाशने में जुटी थी। रविवार देर-शाम उसका शव नदी में पुल से पांच सौ मीटर दूर बरामद हुआ। तीन साल पहले उसकी शादी पड़ोस के गांव की भारती से हुई थी। दंपती को नैना (2) एवं 7 माह की बेटी कीर्ति है। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।