संवाद न्यूज एजेंसी
रानीपुर। शनिवार को रानीपुर चौकी क्षेत्र में झांसी-खजुराहो हाईवे पर खड़ी एक कार में शव बरामद मिला। मृतक के पास से नकदी समेत पानी और शराब की बोतलें भी बरामद की गईं। घटना की सूचना मृतक के परिजन को दे दी गई है। मामले की पड़ताल में जुटी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हाईवे पर बरियाबेर चौराहे पर प्रतीक्षालय के पास सुबह एक कार खड़ी हुई थी। पहले तो लोगों को लगा कि शायद कोई राहगीर गाड़ी खड़ी कर किसी का इंतजार कर रहा है। मगर जब दोपहर तक गाड़ी खड़ी ही रही तब लोगों ने इसकी सूचना रानीपुर चौकी पुलिस को दी। सूचना पाकर चौकी प्रभारी निखिल कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने गाड़ी के दरवाजे खोलने की कोशिश की, लेकिन सभी दरवाजे अंदर से लॉक थे। सीओ मऊरानीपुर रामवीर सिंह और मऊरानीपुर विद्यासागर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। गाड़ी के दरवाजे खोलने के लिए मैकेनिक को बुलाया गया। दरवाजा खोलने पर अंदर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। कार के अंदर मोबाइल फोन, पानी की बोतल, शराब की बोतल व नकदी रखी हुई थी। सूचना पर मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने सुबूत इकट्ठा किए। मृतक के पास से मिले मोबाइल फोन के जरिये पुलिस ने जानकारी की तो पता चला कि मृतक डबरा निवासी सरदार जसप्रीत सिंह पुत्र सुरेंदर सिंह उम्र 45 वर्ष है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी।
चौकी प्रभारी निखिल कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने बताया कि जसप्रीत 25 अप्रैल की शाम को डबरा से निकला था। इसके बाद उन्हें उसका शव मिलने की सूचना मिली। चौकी प्रभारी ने बताया कि जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु की वजह स्पष्ट हो पाएगी।