झांसी। करीब सत्रह दिन पहले अगवा हुई नाबालिग बेटी का पता न लगाने से दुखी मां ने कलक्ट्रेट पहुंचकर खुद के ऊपर डीजल छिड़क लिया। वह खुद को आग के हवाले करने वाली थी तभी वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। हाथ से माचिस की डिब्बी छीन ली। इसके बाद उसे महिला थाने लाया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे घर जाने दिया।
कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली दीपिका ने पुलिस को बताया कि 30 दिसंबर को उसकी नाबालिग पुत्री (17) कोचिंग पढ़ने निकली थी। देर शाम जब वह वापस नहीं लौटी तब तलाश शुरू की। मालूम चला एक युवक ने उसे अगवा कर लिया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने नाबालिग छात्रा की गुमशुदगी दर्ज कर ली। मां का कहना है इसके बाद से पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस से गुहार लगाने पर वह उसे अनसुना कर देती। पिछले 18 दिन से बेटी का पता न चलने से परेशान दीपिका दिन में करीब साढ़े ग्यारह बजे एक बोतल में डीजल लेकर कलक्ट्रेट पहुंच गई। बोतल खोलकर उसने डीजल खुद पर उड़ेल लिया। उसको ऐसा करते देख वहां अफरातफरी मच गई। सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों ने लपककर उसके हाथ से बोतल छीन ली। इस दौरान पुलिस कर्मियों के साथ धक्कामुक्की भी हुई। उधर, एसएसपी राजेश एस का कहना है अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। छात्रा को बरामद करने के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।