झांसी। सीपरी बाजार के मसीहागंज इलाके में सड़क पटरी घेरकर डेयरी चलाई जा रही थी। बृहस्पतिवार को नगर निगम दस्ते ने यहां पहुंचकर इन दोनों डेयरी को नष्ट कर दिया। डेयरी संचालकों से दस्ते ने दस हजार रुपये का जुर्माना भी वसूल किया। दस्ते ने कोतवाली इलाके में भी कार्रवाई करते हुए पटरी कारोबारियों को वहां से खदेड़ा।
मसीहागंज स्थित कांशीराम पार्क के पास सड़क पटरी को ही घेरकर दो डेयरी चलाई जा रही थी। डेयरी से निकलने वाली गंदगी को आसपास खुले में फेंक दिया जाता था। स्थानीय लोगों ने कई बार इसकी शिकायत की। बृहस्पतिवार को अतिक्रमणरोधी दस्ता प्रभारी एनएन वाजपेई की अगुवाई में प्रवर्तन दस्ता मौके पर पहुंच गया। दस्ते के पहुंचते ही डेयरी संचालकों में हड़कंप मच गया। दस्ते ने दोनों ही डेयरी के टिनशेड को उखाड़ दिया। संचालक सुरेंद्र यादव और रामशरण भार्गव से पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना भी वसूल किया। यहां से दस्ता कोतवाली इलाके के खंडेराव गेट के पास पहुंचा। यहां से लेकर आशिक चौराहा के बीच रोड पटरी के दोनों ओर से पटरी कारोबारियों को खदेड़ दिया। दस्ते ने कोतवाली के पीछे शीशे की अस्थाई दुकानों को भी हटवाया। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल में शामिल अन्य कर्मचारी भी शामिल रहे।