बड़ाबाजार में बेकाबू हो चुके ऑटो चालक को पटरी पर आ गए, लेकिन यहां के दुकानदार सड़क तक सामान फैलाने का मोह नहीं छोड़ पा रहे थे। अमर उजाला बृहस्पतिवार को प्रकाशित खबर के बाद व्यापार मंडल के नेताओं ने व्यापारियों को चेतावनी दी कि वह अपना सामान दासे (नाली के ऊपर का हिस्सा) तक ही रखें। सड़क पर अतिक्रमण किया तो उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत की जाएगी।
बड़ाबाजार में फैली अव्यवस्थाओं को दूर करने के लिए अमर उजाला ने अभियान चलाया था, इस पर संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने व्यापारियों के साथ बैठक कर बाजार में ऑटो का प्रवेश बंद कर दिया। शुरुआती विरोध के बाद ऑटो चालक तो सुधर गए। अब वह सागर गेट से घास मंडी तक ही आते हैं और यहां से ही लक्ष्मी गेट की ओर चले जाते हैं। व्यापारियों ने बैठक की शर्तों को गंभीरता से नहीं लिया। बैठक में तय हुआ था कि दुकानदार सड़क पर अपना सामान नहीं फैलाएंगे, लेकिन वह नहीं माने और सड़क तक अपना सामान फैलाए रहे। इस पर अमर उजाला ने एक बार फिर खबर प्रकाशित कर व्यापारियों की मनमानी उजागर की।
खबर छपते ही बाजार को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए बड़ाबाजार व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश बिरथरे और राजकुमार डेंगरे ने सुबह बाजार खुलने के बाद व्यापारियों को नाली के आगे सामान न रखने की सलाह दी। इसके बाद व्यापारियों ने बात मानकर अपना सामान दुकानों रोड से हटा लिया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई भी व्यापारी सड़क पर अतिक्रमण करेगा तो उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत की जाएगी।
अतिक्रमण हटाने की मुहिम चल रही है। हम भी अपना सामान सड़क से हटा लेंगे। अभी तो नहीं हटाया है, लेकिन अब नहीं रखेंगेे। मुहिम अच्छी है हम लोग जरूर सहयोग करेंगे।
मनोज, फुटवियर विक्रेता
आस-पास के दुकानदार अपना सामान दुकानों के आगे रख लेते हैं। इससे हमारी दुकान नहीं दिखती है। जब कोई नहीं रखेगा तो हम भी नहीं रखेंगे। अतिक्रमण तो बाजार से हटना ही चाहिए।
रामचंद्र, बर्तन विक्रेता
दुकानों के सामने से सामान हटने के बाद लोगों को सुकून भी मिला है। पूरे बाजार को वन वे और कर दिया जाए तो और अच्छा होगा। हमने भी अपना सामान सड़क से हटा लिया है।
संजीव कुमार, रस्सी विक्रेता
दुकानों के आगे ठेले लग जाते हैं। हाथ ठेले न लगें इसके लिए हम अपना सामान दुकानों के आगे सामान रख लेते हैं। उनसे लड़ भी नहीं सकते। व्यापार मंडल और प्रशासन सहयोग करे तो अतिक्रमण नहीं होगा।
नंदलाल साहू, किराना व्यापारी
रहेगी पैनी नजर
अमर उजाला ने अभियान चलाकर बड़ाबाजार में व्यवस्थाएं दुरुस्त करा दी हैं। ऑटो चालकों और व्यापारियों ने तय व्यवस्था का पालन करना शुरू कर दिया है। अमर उजाला यहां अपनी नजर बनाए रखेगा और व्यवस्थाएं बिगाड़ने वालों को बेनकाब करेगा। अब हम दूसरे बाजार की ओर रुख करेंगे, जहां व्यवस्थाएं और खराब हैं।