बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के शिक्षा संस्थान के छात्र-छात्राओं का शिक्षण अभ्यास शुरू हो गया है। यह अभ्यास 16 सप्ताह तक चलेगा। इस दौरान छात्राध्यापक स्कूली विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे, साथ ही अन्य कार्यों को भी सीखेंगे।
दो वर्षीय बीएड कोर्स हो जाने के बाद छात्रों के लिए 16 सप्ताह का शिक्षण अभ्यास अनिवार्य कर दिया गया है। एक वर्षीय बीएड कोर्स के दौरान यह बीस दिनों का होता था। बीयू में शिक्षा संस्थान के 77 छात्र-छात्रा हैं। यह सभी कोछाभंवर के शिक्षक हायर सेकेंड्री, शिवाजी नगर के एचएन मेमोरियल और खुशीपुरा के झलकारी बाई इंटर कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं। इसके साथ ही छात्राध्यापक मार्कशीट, रिजल्ट, टीसी, आय-व्यय का ब्योरा बनाना सीखेंगे।
शिक्षा संस्थान के प्रवक्ता डॉ. धीरेंद्र यादव ने बताया कि हर छात्रा को दो विषय पढ़ाने होंगे। एक विषय में बीस लेसन प्लान होंगे। संस्थान के शिक्षक भी छात्राध्यापकों के अभ्यास के दौरान शिक्षण की बारीकियां बताएंगे।