झांसी। साइबर अपराधियों के कारनामे से पुलिस हैरान है। थाना कोतवाली इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति की सिम बंद कर खाते से 2 लाख 20 हजार रुपये एक खाते में ट्रांसफर कर लिए। सिम चालू कराने के बाद रकम ट्रांसफर का मैसेज देखकर उनके होश उड़ गए। शिकायत पर साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना कोतवाली स्थित बाहर दतिया गेट के पठौैरिया निवासी शिवम शर्मा का एक बैंक में खाता है। 20 व 21 नवंबर को साइबर अपराधियों ने उनके खाते को निशाना बनाया। रकम निकालने से पहले 20 नवंबर को बैंक में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की सिम बंद कर दी। जब तक वह सिम चालू करा पाते, तब तक अपराधियोें ने उनके खाते से 2 लाख 20 हजार रुपये निकाल लिए। 23 नवंबर को उनकी सिम चालू होते ही खाते से रकम जाने का मैसेज आया। यह देखकर वह घबरा गए। बैंक पहुंचकर जानकारी ली तो पता चला किसी ने रकम को दूसरे खाते में ट्रांसफर किया है। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। मामले में साबइर सेल ने जांच शुरू कर दी है। साइबर अपराधियों का कारनामा देखकर पुलिस भी हैरान है। पुलिस ने सिम बंद होने की भी जांच शुरू कर दी है।
2016 में हुई थी ऐसी घटना
पीड़ित शिवम शर्मा के साथ हुई यह जिले में दूसरी वारदात है। इसके पहले थाना सदर बाजार में वर्र्ष 2016 में एक कारोबारी की सिम बंद कर करीब छह लाख रुपये निकाल लिए थे। तीन साल बाद पुन: इस तरह की घटना ने पुलिस के कान खड़े कर दिए हैं। एएसपी राहुल मिठास ने पूरे प्रकरण की जल्द जांच पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होेंने बताया कि जिस खाते में रकम ट्रांसफर हुई है, उसका पता लगाया जा रहा है।