झांसी। तेज धूप और उमस के कारण बिजली संकट झेल रहे लोगों की नींद अब बारिश के बाद बिल्कुल उड़ गई है। बुधवार को मूसलाधार बारिश के कारण बड़े पैमाने पर फाल्ट हो गए। साथ ट्रांसफार्मर भी खराब हो गया तो कहीं तार टूट गए। बारिश के कहर से सबस्टेशनों को बचाने के लिए एहतियात सप्लाई रोक दी गई। दिनभर बिजली घरों के फोन घनघनाते रहे, लेकिन वहां से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। इस कारण लोग परेशान रहे।
बुधवार को एक बजे बारिश शुरू होते ही हंसारी और दुनारा ट्रांसमिशन पावर हाउस से जुड़े सभी सब स्टेशनों की बिजली को बंद कर दिया गया ताकि फाल्ट न हों। तीन बजे बारिश थमने के बाद एक- एक कर सब स्टेशनों की बिजली चालू की गई। हंसारी से जुड़े सबस्टेशनों की बिजली तो चालू हो गई। लेकिन उससे जुड़े कई फीडरों में फाल्ट हो गया और करंट चला गया। इधर, सुबह सात बजे से दोपहर बारह बजे तक दुनारा ट्रांसमिशन पावर हाउस से सूती मिल और उन्नाव गेट तक आने वाली हाइटेंशन लाइन पर मरम्मत कार्य होने से संबंधित क्षेत्रों की बिजली बंद रखी गई।
दोपहर बाद बिजली चालू की गई, मगर कुछ देर बाद ही बारिश पर उससे जुड़ी हाइटेंशन लाइन ब्रेक डाउन में आ गई। इससे दोनों सब स्टेशनों से जुड़े क्षेत्रों की बिजली फिर गुल हो गई। बूढ़ा क्रासिंग पर केबल बर्स्ट पायी गई तो कई खंभों के इंसुलेटर खराब हो गए। शाम सात बजे फाल्ट ठीक होने पर ही आपूर्ति को सामान्य बनाया जा सका। इसके बाद भी बिजली की आवाजाही जारी रही।
इससे हवाई अड्डा आर्मी, इंडस्ट्रीयल एरिया, एचपीसीएल इमरजेंसी, ग्रासलैंड, कांशीराम कॉलोनी, अंसल कॉलोनी अयोध्या पुरी, अंदर-बाहर उन्नाव गेट, पंचवटी, शीतल कॉलोनी, थापक बाग, अलीगोल, नाले का बाग, आईटीआई सिद्धेश्वर नगर, नया गांव, महेंद्र पुरी कॉलोनी, पाल कॉलोनी, भांडेरी गेट, मेवातीपुरा, पठौरिया, ग्वालियर रोड क्रॉसिंग और उन्नाव बालाजी रोड के पच्चीस किलोमीटर क्षेत्र में बसे गांव प्रभावित रहे।
गौरतलब है कि मंगलवार को भी ओवर लोडिंग और फाल्टों के कारण आधे महानगर की बिजली कई घंटों तक गुल रही थी। अब बुधवार को उससे ज्यादा हालात बिगड़ गए। बारिश बंद होने के बाद लोग उमस से बेहाल हो गए।
आज खुले रहेंगे भुगतान काउंटर
वृहस्पतिवार को महानगर के सभी विद्युत बिल भुगतान काउंटर खुले रहेंगे। इस सुविधा का लाभ उपभोक्ता ले सकते हैं। यह जानकारी अधीक्षण अभियंता राकेश कुमार गुप्ता ने दी है।