झांसी। मंगलवार को आयकर विभाग की टीम ने दो क्रशर तथा संचालकों के कार्यालय व निवास पर सर्वे किया। इस दौरान एक करोड़ रुपये की अघोषित आय पकड़ी गई। आयकर टीम की पड़ताल देर रात तक जारी रही।
आगरा से आए संयुक्त आयकर आयुक्त उमेश चंद्र भारती की टीम ने क्रशर संचालक सौरभ गुप्ता व उनके भाई की गोरामछिया स्थित फर्म सौरभ कंक्रीट व सत्यम स्टोर मिनरल का सर्वे किया। इस दौरान दस्तावेजों की जांच में दोनो फर्मों पर एक करोड़ रुपये की अघोषित आय पकड़ी गई। इस दौरान टीम ने क्रशर संचालकों के सिविल लाइन स्थित कार्यालय व आवास पर भी जांच की। यहां सर्वे कार्य देर रात तक जारी रहा। आयकर विभाग की इस कार्यवाही से क्रशर संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही। आयकर विभाग की टीम में डिप्टी कमिश्नर ए अंसारी, आयकर अधिकारी आदेश शर्मा व एस पी सिंह तथा निरीक्षक जितेंद्र, प्रदीप सिंह व सुभाष गांधी शामिल रहे।
वाणिज्य कर बकायेदार को जेल भेजा झांसी। वाणिज्य कर के 12,27,389 रुपये व ब्याज के बकायेदार नवीन गल्ला मंडी चिरगांव स्थित सीता ट्रेडर्स के प्रोपराइटर लखनलाल निरंजन के चिरगांव स्थित निवास पर वाणिज्य कर वसूली टीम ने मंगलवार को पुलिस के साथ छापा मारा। इस दौरान बकायेदार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। टीम में संग्रह अमीन दिनेश विश्नोई व विनोद कुमार अहिरवार तथा संग्रह सेवक कमलेश शर्मा व सुरेश चौधरी शामिल रहे।