झांसी। करारी व कांशीराम आवासीय कॉलोनी में सस्ता राशन मुहैया कराए जाने के लिए बनाए जाने वाले राशन कार्डों का वितरण न किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने विकास भवन के सामने नारेबाजी करते हुए हंगामा किया।
उन्होंने आरोप लगाया गलत डुग्गी पिटवाने और बीकेडी में बुलाने के बाद भी राशन कार्ड न दिए जाने का भी आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों में महिलाओं भी शामिल रहीं। सूचना पर पहुंची नवाबाद पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया, हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया। इस दौरान सीडीओ के नाम एक ज्ञापन भी दिया गया।
पिछले दिनों ग्राम करारी व कांशीराम आवासीय कॉलोनी में लगभग 596 लोगों के खाद्य सुरक्षा अधिनियम के फार्म भरवाए गए थे। इनमें से लगभग 295 ग्रामीणों को अधिनियम के तहत सस्ता राशन नहीं मिला। इस पर सभी लोग बीकेडी पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना था कि शुक्रवार को गांव में रहने वाले एक युवक ने डुग्गी पिटवाकर जानकारी दी थी कि शनिवार को बीकेडी में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के न सिर्फ फार्म भरे जाएंगे, बल्कि राशन कार्ड भी वितरित होंगे। बीकेडी में किसी प्रकार की व्यवस्था न देख ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। उनका कहना था कि इस भीषण गर्मी में उन्हें यहां बुलाया गया है, इसलिए उन्हें राशन कार्ड यहीं पर चाहिए।
इस दौरान कांग्रेस के एक नेता वहां आए और उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के फार्म वितरित करना शुरू कर दिए। तभी वहां एक विकलांग नेता भी पहुंच गए, उन्होंने कांशीराम कॉलोनी में रहने वाले एक युवक (जिसने गलत डुग्गी पिटवाई थी) पर राशन कार्ड बनवाने के नाम पर रुपये की उगाही करने का आरोप लगाते हुए उसके साथ धक्का-मुक्की कर दी। महिलाओं व ग्रामीणों के हंगामे के बीच एक और विवाद हो गया। जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रुपये वसूलने के आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले आई। यहां उस पर रुपये वसूलने के आरोप से संबंधित शिकायत किसी के द्वारा न दिए जाने के कारण पुलिस ने युवक को छोड़ दिया।
उधर, कांग्रेसी नेता इम्तियाज हुसैन व मनोज गुप्ता आदि भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आक्रोशित लोगों को शांत कराया। बाद में उनके नेतृत्व में सीडीओ को एक ज्ञापन देते हुए सभी पात्रों को खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सस्ता राशन दिलाने व राशन कार्ड बनाए जाने की मांग की गई।