- सीएमओ को आदेश पर डिप्टी सीएमओ ने कार्रवाई की
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। स्वास्थ्य विभाग ने जांच रिपोर्ट में त्रुटि और पंजीकरण प्रपत्रों में कमी मिलने पर क्रॉस केयर डायग्नोस्टिक सेंटर का सोमवार को पंजीकरण रद्द कर दिया। हिदायत दी कि यदि अब जांच की तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी सीएमओ डॉ. आशीष अग्निहोत्री ने बताया कि विगत दिनों राजेश कुमार ने शिकायत करते हुए जांच रिपोर्ट में त्रुटि मिलने की शिकायत की। उसने प्रपत्र देते हुए बताया कि 12 अगस्त को उसने क्रॉस केयर डायग्नोस्टिक सेंटर पर एचबी1सी (ग्लाइकोसिलेटेड हीमोग्लोबिन) की जांच कराई। जिसमें उसे एचबी1सी 9.80 बताया गया। रिपोर्ट देखकर वह विचलित हो गया और मेडिकल कॉलेज की सेंट्रल पैथलॉजी में जांच कराई। जिसमें एचबी1सी 7.3 बताया।
इस शिकायत पर सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी ने टीम को गठित करके जांच कराई। टीम की जांच रिपोर्ट पर सीएमओ ने सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। इस पर डिप्टी सीएमओ डॉ. आशीष कुमार सोमवार को सेंटर पर पहुंचे। उन्होंने लैब रिपोर्ट में त्रुटि होने तथा पंजीकरण प्रपत्रों में कमी मिलने पर उसका पंजीकरण रद्द कर दिया।