झांसी। आप होली पर मन में खुशियां संजोए अरसे बाद घर जा रहे हैं। आपने खरीदारी भी खूब की है, कीमती सामान भी आपके साथ है। इस मौके को भांपते हुए त्योहार नजदीक आते ही ट्रेनों में बदमाश सक्रिय हो गए हैं।वे पांच यात्रियों का अलग- अलग ट्रेनों से कीमती सामान चोरी कर ले गए। जीआरपी ने पीड़ित यात्रियों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आपको यात्रा के दौरान विशेष सावधानी की जरूरत है। नहीं तो आप कभी भी जहरखुरानी, जेबकट, चोरी या बैग छीनने जैसी घटना का शिकार हो सकते हैं। आपकी होली की रौनक बदरंग हो सकती है।
अमृतसर से मुंबई जाने वाली पठानकोट एक्सप्रेस के बी टू कोच की बर्थ नंबर 59 व 60 पर मुंबई के कांदीवली निवासी शशिकांत पत्नी के साथ सफर रहे थे। झांसी के निकट चलती ट्रेन में बदमाश उनकी पत्नी का पर्स चोरी कर ले गए। पर्स में मोबाइल व अन्य कीमती सामान रखा था। इधर, लखनऊ के गोमती नगर निवासी विश्वकांत सचान गोरखपुर से मुंबई जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस के बी टू कोच की बर्थ नंबर 49 पर सफर कर रहे थे। चलती ट्रेन में उनका पर्स चोरी हो गया। पर्स में छह हजार रुपये व अन्य कागजात रखे थे। इसी तरह होशंगाबाद निवासी समीक्षा शर्मा बी टू कोच की बर्थ नंबर सात पर सफर कर रही थी। यात्रा के दौरान उनका लैपटॉप चोरी हो गया। आगरा निवासी धीरज यादव जीटी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में सफर कर रहे थे। चलती ट्रेन में उनकी पत्नी का पर्स चोरी हो गया। पर्स में चांदी के जेवरात व अन्य सामान रखा था। इधर, बीना निवासी मधु राजपूत उदयपुर इंटरसिटी के जनरल कोच में सफर कर रही थी। कोच में भीड़ ज्यादा होने के कारण बदमाश ने उनके पर्स से सोने का हार चोरी कर लिया।
दरअसल, त्योहार के सीजन में विभिन्न शहरों में नौकरी, मजदूरी या अध्ययन कर रहे हजारों लोग अपने घर लौटते हैं। इससे ट्रेनों में भीड़ बढ़ना शुरू हो गई है। भीड़ में हाथ साफ करने के लिए बदमाश भी सक्रिय हैं। बदमाशों को मालूम है कि त्योहार पर लोग अपने साथ नकदी व कीमती सामान लेकर चलते हैं। इसका भरपूर लाभ बदमाश उठा रहे हैं। खासकर बदमाशों के निशाने पर जनरल व स्लीपर कोच के यात्री बने हुए हैं। त्योहार के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।
- ट्रेनों में ज्यादा से ज्यादा स्क्वॉएड बढ़ाए जा रहे हैं। जिन ट्रेनों में स्क्वॉएड चल रहे हैं, उनमें अगर कोई घटना होती है तो इसके लिए जवान जिम्मेदार होंगे। साथ ही अनुभाग के सभी प्रभारियों व थानाध्यक्षों को शाम से ही विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। दिन-रात आकस्मिक चेकिंग के लिए कहा है। प्लेटफार्म ड्यूटी पर रहने वाले जवानों को आदेश दिया है कि वह ट्रेन के प्लेटफार्म पर आते ही एक छोर से दूसरे छोर तक चहलकदमी कर संदिग्धों पर नजर रखें।
मनोज कुमार झा, पुलिस अधीक्षक (रेलवे) झांसी/ प्रयागराज।
सफर के दौरान ये सावधानियां बरतें
----------------------------
- पर्स व रुपये पेंट के पीछे की जेब में न रखें।
- टिकट लेते समय, ट्रेन में चढ़ते वक्त विशेष सावधानी बरतें।
- चलती ट्रेन में दूसरे की बातों में आकर खानपान न खाएं।
- जिस बैग, पर्स या अन्य वस्तु में पैसे रखे हों, उसको इधर-उधर न रखें।
- कोच के गेट के पास खड़ा होने से बचें।