मेडिकल कालेज मार्ग स्थित चिरंजीव हास्पिटल में महिला की मौत पर मंगलवार को परिजनों ने हंगामा कर दिया। आरोप लगाया डाक्टर की लापरवाही से मौत हुई है। नवाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझा बुझाकर परिजनों को शांत किया।
नवाबाद थाना प्रभारी बीएल यादव ने बताया कि छतरपुर के सरई रोड निवासी रामबाबू की पत्नी कुसुमा देवी (25) के मिशन हास्पिटल में आपरेशन से जुड़वा बच्चे हुए। आपरेशन के बाद खून का बहना बंद नहीं हुआ तो उसकी हालत बिगड़ने लगी। सोमवार की देर रात परिजन उसे लेकर चिरंजीव हास्पिटल आए। मंगलवार की सुबह महिला की मौत हो गई, जिस पर परिजन भड़क गए। उनका आरोप था कि डाक्टर की उपचार में लापरवाही के चलते मौत हुई है। मौके पर पहुंची नवाबाद पुलिस ने परिजनों को शांत किया। इसके बाद परिजन शव को लेकर चले गए। हास्पिटल के डाक्टर डा. उपेंद्र का कहना है कि कुसुमा काफी गंभीर स्थिति में आई थीं। खून लगातार बह रहा था और ब्लड प्रेशर काफी कम था। परिजनों से खून लाने के लिए कहा गया, मगर वे इंतजाम नहीं कर सके। लापरवाही का आरोप बेबुनियाद है।