झांसी- कानपुर हाइवे पर बड़ागांव के निकट डायमंड सीमेंट फैक्ट्री तिराहा पर शुक्रवार की रात तेज गति से दौड़ रही एक एंबुलेंस ट्रक में पीछे से घुस गई। इससे एंबुलेंस में सवार कंपाउंडर विमल चंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
शुक्रवार की रात 108 नंबर एंबुलेंस झांसी से कानपुर की तरफ जा रही थी। थाना बड़ागांव के डायमंड सीमेंट फैक्ट्री तिराहे पर अचानक ड्राइवर से एंबुलेंस अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक में पीछे से घुस गई। एंबुलेंस के पीछे चल रहा ट्रक ड्राईवर हड़बड़ा गया और एंबुलेंस से भिड़ गया। हादसे में तीनों गाड़ियों के चालक घायल हो गए, जबकि एंबुलेंस सवार कंपाउंडर फतेहपुर जिला के असोभर गढ़रिमन पुरवा निवासी विमलचंद्र (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने कंपाउंडर को मृत घोषित कर दिया।