झांसी। पुलिस ने चिकित्सक के पुत्र के अपहरण कांड में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपह्त को छुपाने व फिरौती वसूलने का जिम्मा लिया था। पुलिस ने आरोपी पर पांच हजार का इनाम घोषित कर रखा था।
गौरतलब है कि विगत पांच अक्तूबर को नवाबाद थाना क्षेत्र के वीरांगना नगर कालोनी निवासी डा. अभय गुप्ता व डा. रुबी गुप्ता के पुत्र आरुष गुप्ता (6) का उनका चालक राघवेंद्र तिवारी सदर बाजार क्षेत्र स्थित एक स्कूल से घर लाते समय अपहरण कर ले गया था। इस मामले में पुलिस ने छह घंटे की मशक्कत के बाद चालक व उसके सहयोगी अजय परिहार को गिरफ्तार कर लिया था।
अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद तीसरे सहयोगी टीकमगढ़ के सेंदरी थाना क्षेत्र के ग्राम करगुआं निवासी राजेंद्र तिवारी पुत्र महेंद्र तिवारी का नाम सामने आया, जिसने अपह्त को छुपाने व फिरौती वसूलने का जिम्मा लिया था।
सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र दुबे ने बताया कि तीसरे आरोपी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बीते रोज 29 नवंबर को स्वॉट टीम प्रभारी विक्रम सिंह को सूचना मिली कि उक्त आरोपी घुघुवा तिराहे पर खड़ा है।
इस सूचना पर स्वॉट टीम प्रभारी, सदर बाजार थाना प्रभारी आशीष मिश्रा के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी करके उक्त आरोपी को पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि उक्त तीनों आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को पकड़ने वाली टीम को पांच हजार रुपये व प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की।