माती जिला जेल से हरदोई पेशी के लिए गया एक बंदी बुधवार को कानपुर देहात के लालपुर रेलवे स्टेशन से फरार हो गया। बंदी के खिलाफ चोरी का एक मामला ललितपुर जिले के पाली थाने में दर्ज है। इधर, पुलिस अभिरक्षा से भागे बंदी के मामले में कानपुर देहात के एसपी ने आरोपी तीनों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है।
माती जिला जेल में झांसी के थाना नवाबाद के गांव मैरी निवासी लल्ला यादव पुत्र सुरेश कुमार के खिलाफ हरदोई जिले के पाली थाने में चोरी का एक मामला दर्ज है। इसी मामले की पेशी के लिए गत मंगलवार को हरदोई जिले के एसीजेएम द्वितीय की अदालत में माती जिला से आरक्षी चुन्नी लाल, परमानंद अवस्थी और एचसीपी राम प्रसाद ले गए थे। पेशी के बाद तीनों पुलिस कर्मी बंदी लल्ला यादव को माती जिला जेल वापस ला रहे थे, तभी बुधवार की सुबह करीब दस बजे लालपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद तीनों पुलिसकर्मी थकान दूर करने में जुटे थे, इसी का फायदा उठाते हुए बंदी रस्सी छुड़ाकर फरार हो गया। उसके फरार होते पुलिसकर्मियों में हक्के बक्के रह गए। उन्होंने चारों तरफ फरार बंदी की खोजबीन की, मगर वह हाथ नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने भीमसेन जीआरपी को बंदी के फरार होने की सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे जीआरपी चौकी इंचार्ज ने तीनों पुलिसकर्मियों को बंदी फरार होने पर हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधीक्षक सभा राज बताया कि आरोपी तीनों पुलिस कर्मियों को लापरवाही में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की विवेचना भीमसेन जीआरपी थाना इंचार्ज करेंगे। बाद में तीनों पुलिस कर्मियों को जेल भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि बंदी लल्ला के खिलाफ मंगलपुर थाने भी एक चोरी का मामला दर्ज है। जेल अधीक्षक कैलाश चंद्र ने बताया कि अभियुक्त लल्ला माती जिला जेल में 14 नवंबर 2014 को लाया गया था।