अविवाहित जीवन यापन कर रही एक प्राइमरी विद्यालय की शिक्षिका ने पंखे से लटककर फांसी लगा ली। पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने जिंदगी से ऊबने की बात कही है।
नवाबाद थाना क्षेत्र मदकखाना खुशीपुरा निवासी स्व धनीराम की पुत्री सीता कृष्णा (41) समथर के बहादुरपुर स्थित सरकारी प्राइमरी विद्यालय में शिक्षिका थीं। वह अपनी मां व भाई के साथ रह रही थीं। शनिवार की रात वह घर की पहली मंजिल पर बने अपने कमरे में सोने को गई थीं। रविवार की सुबह आठ बजे तक जब वह उठकर नीचे नहीं आई तो मां कमरे में पहुंचीं। अंदर सीता पंखे पर दुपट्टा का फंदा बनाकर फांसी पर झूल रही थी। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर नवाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को कमरे की जांच के दौरान एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें मृतका ने लिखा था कि वह अपने जीवन से ऊब चुकी है। वह अपने पिता के पास जा रही है। बाद में पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज भेज दिया।