temple thief, jhansi hindi news
- फोटो : demo
झांसी। महानगर में सक्रिय बदमाशों ने मंदिरों को अपना निशाना बना रखा है। बुंदेलखंड युनिवर्सिटी के पास पहाड़ी पर बने कैमासन माता मंदिर से रविवार की रात बदमाश नकदी व सोने-चांदी के जेवर चुरा ले गए। पुलिस ने मामले की जांच के लिए सीसीटीवी कैमरे में कैद फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।
कैमासन माता मंदिर महानगर के प्राचीन मंदिरों में से एक है, यहां से काफी लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। इस मंदिर को रात करीब 12.40 बजे बदमाशों ने अपना निशाना बनाया। मंदिर में घुसे बदमाशों ने दानपात्र के ताले तोड़कर उसमें से करीब 15 हजार रुपये चुरा लिए। इसके बाद मंदिर के संदूक और अलमारियों के ताले तोड़कर बदमाश करीब आधा किलो चांदी और दो तोला सोने के जेवरात चुराकर ले गए। जाते समय जब बदमाशों की नजर मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों पर पड़ी तो बदमाशों ने दो कैमरे उखाड़े और साथ ले गए।
सोमवार की सुबह जब महंत मंदिर पहुंचे तो वहां की हालत देखकर हक्केबक्के रह गए। घटना की जानकारी होते ही मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ जमा हो गई। मौके पर विश्वविद्यालय चौकी पुलिस पहुंची और मौका मुआयना करने के बाद सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए। देर रात तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।