बेटे ने मां को पहचाना और फैल गया बखेड़ा
- फोटो : demo
झांसी। रेलवे स्टेशन पर सोमवार को ट्रेन के इंतजार में अपने परिजनों के साथ बैठे किशोर ने पांच साल पहले प्रेमी के साथ गायब हुई अपनी मां को प्लेटफार्म पर देखा और पहचानते ही शोर मचाकर परिजनों को बुला लिया। फिर क्या था बखेड़ा फैलते देर नहीं लगी। महिला के ससुराल पक्ष के लोगों ने बिना किसी विलंब के उसे प्रेमी समेत जीआरपी के हवाले कर दिया। देर रात तक दोनों पक्षों को समझाने के बाद भी पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पाई।
दोनों पक्ष थाने पहुंच गए। परिवार के लोग महिला को घर चलने के लिए समझाते रहे, पर देर रात तक कोई हल नहीं निकल सका था। टीकमगढ़ क्षेत्र के बड़ा लिधौरा के ग्राम खरौ निवासी एक ग्रामीण की पत्नी साढ़े पांच साल पहले मऊरानीपुर क्षेत्र के मऊ बछेड़ा निवासी अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। एक बेटी व दो बेटियों को पति के पास छोड़ गई थी। कुछ दिन बाद वह घर वापस लौटी और एक माह रुकने के बाद पुन: अपनी छोटी बेटी को साथ लेकर गायब हो गई थी। वर्तमान में वह अपने प्रेमी व बेटी के साथ गुजरात के दमन में रह रही है। उसका प्रेमी एक कंपनी में काम करता है। कुछ दिन पहले वह गुजरात से प्रेमी के साथ उसके घर आई थी। सोमवार को वह बेटी व प्रेमी के साथ वापस गुजरात जा रही थी। वह झांसी बांद्रा एक्सप्रेस के प्लेटफार्म पर लगने का इंतजार कर रहे थे।
इसी बीच महिला के बारह वर्षीय पुत्र की नजर उस पर पड़ गई और वह देखते ही अपनी मां को पहचान गया। वह अपने चाचा विजय, फूफा पूरन लाल व परिवार की अन्य महिलाओं के साथ दिल्ली जा रहा था। परिवार के सदस्यों ने महिला को समझाते हुए घर वापस चलने को कहा, मगर वह तैयार नहीं हुई। इसके बाद परिजन महिला व उसके प्रेमी को लेकर जीआरपी थाने आ गए। पुलिस ने भी महिला को समझाने का प्रयास किया, पर वह किसी की सुनने को तैयार नहीं थी। देर रात तक महिला का पति भी झांसी आ गया। उसने भी पत्नी से साथ चलने का आग्रह किया। पर, समस्या का हल नहीं निकल सका।