मध्य प्रदेश की दतिया पुलिस ने बुधवार तड़के बालाजी से गुजर रही पहूज नदी के पास मुठभेड़ में सवा दो लाख रुपये के इनामी सरदार सिंह गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। उसके दो साथी भागने में सफल रहे हैं। पुलिस ने सरदार के पास से बंदूक व पंद्रह कारतूस बरामद किए हैं। सरदार पर उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के विभिन्न थानों में कुल 55 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें अकेले झांसी जिले के 51 मामले शामिल हैं। उस पर उत्तर प्रदेश से दो लाख और मध्यप्रदेश से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। उसकी गिरफ्तारी की उत्तर प्रदेश एसटीएफ और झांसी जिले की पुलिस को दोपहर तक भनक भी नहीं लग पाई। कोर्ट से दतिया पुलिस ने सरदार को दो दिन के लिए रिमांड पर ले लिया है। वैसे चरचा यह है कि मध्य प्रदेश एक कद्दावर नेता की मध्यस्थता में सरदार ने आत्म समर्पण किया है।
दतिया के पुलिस अधीक्षक इरशाद बली ने पत्रकारों को बताया कि मंगलवार की देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि सवा दो लाख रुपये का इनामी सरदार सिंह गुर्जर पुत्र जरदान सिंह गुर्जर निवासी ग्राम लकारा थाना सीपरी बाजार, झांसी बालाजी थाना क्षेत्र में है। सूचना पर उन्होंने तीन टीमों को गठित करके सरदार की घेराबंदी करने के निर्देश दिए। बुधवार की तड़के करीब चार बजे गांव गुजर्रा व घिसलनी के बीच में सरदार के गिरोह की लोकेशन मिली। घेराबंदी के बाद पुलिस ने सरदार व उसके साथियों को आत्मसमर्पण के लिए ललकारा तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। सरदार व उसके साथियों ने करीब 10 राउंड व पुलिस ने 12 राउंड फायर किए। गोलियां चलने के दौरान सरदार के दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गए, जबकि पुलिस ने सरदार सिंह को 12 बोर की बंदूक व 15 कारतूस समेत गिरफ्तार कर लिया।
एसपी के अनुसार सरदार पर पचास से अधिक मुकदमे हैं। हत्या के एक मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी। उसे कानपुर की जेल में रखा गया था। एक मामले में 29 मार्च 2011 को सरदार को दतिया की कोर्ट में पेशी पर लाया गया था। इस दौरान पुलिस कर्मियों को झांसे में लेकर वह बहन से मिलने के लिए गांव थरेट पहुंचा था। वहां से वह बहनोई जनवेद की मदद से भाग निकला था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। फरारी के दौरान उसने एक के बाद एक बड़े अपराधों को अंजाम दिया। सरदार की गिरफ्तारी न होने पर उत्तर प्रदेश इलाहाबाद हाईकोर्ट प्रदेश पुलिस के बड़े अफसरों को तलब भी कर चुका है।