बड़ागांव कसबा में सोमवार पूर्वाह्न 11.40 बजे दो बाइक पर सवार पांच लोगों
ने बस स्टैंड के पास ताबड़तोड़ फायरिंग कर दो युवकों की हत्या कर दी।
दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग निकले। घटना के बाद कसबा
में दहशत के कारण बाजार बंद हो गया। इधर, घटना के बाद मृतकों के पक्ष के
लोगों ने आरोपियों के घरों में जमकर तोड़फोड़ करते हुए आगजनी की। पुलिस के
आला अधिकारियों के पहुंचने पर हंगामा शांत हो सका। हत्याकांड को मृतकों के
परिजन लेनदेन से जोड़ रहे हैं। हालांकि पुलिस इस मामले को बालू सप्लाई का
विवाद भी मानकर चल रही है।
पुलिस के अनुसार थाना बड़ागांव क्षेत्र के
ग्राम बचावली निवासी संजय यादव (22) पुत्र महेश यादव व टीकमगढ़ के थाना
ओरछा के ग्राम बसोबा निवासी रंजीत उर्फ रानू (24) पुत्र गोपाल यादव सोमवार
पूर्वाह्न 11.40 बड़ागांव कसबा के बस स्टैंड पर स्थित एक जनरल स्टोर से
सामान खरीद रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार बड़ागांव निवासी कैलाश
राजपूत पुत्र मातादीन, सोमवीर कुशवाहा पुत्र बाबूलाल, सुनील कुशवाहा पुत्र
गोकुल कुशवाहा रिंकू व बचावली निवासी रोहित यादव पुत्र रमाकांत वहां आ गए।
रिंकू व रोहित बाइक पर बैठे रहे और कैलाश व सोमवीर ने बंदूक निकाल कर संजय व
रानू पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दोनों ने करीब आठ राउंड फायर किए, जिससे
संजय व रानू की मौके पर मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके
से भाग गए।
घटना की जानकारी होने पर पुलिस और मृतकों के परिजन मौके पर
पहुंच गए। पुलिस ने घटना की सूचना आला अधिकारियों को दी, वहीं मृतकों के
परिजनों ने घटना से आक्रोशित होकर आरोपियों के घरों पर हमला बोल दिया।
गुस्साए लोगों ने आरोपी कैलाश के घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ कर आगजनी की।
करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद जब एसएसपी किरण एस. एएसपी राघवेंद्र
सिंह, सीओ सदर कल्याण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तब पुलिस ने बल
प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। मृतक के चाचा मोतीलाल यादव की
तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। परिजन मामले
को लेनदेन के विवाद से जोड़ रहे हैं, लेकिन कस्बे में बालू सप्लाई को लेकर
हुए विवाद में हत्याकांड होने की बात भी पुलिस के सामने आई हैं। कस्बे में
एहतियात के तौर पर पीएसी तैनात कर दी गई है।