आसमान में तेज बिजली कड़कने के साथ बुधवार की दोपहर झांसी जिले में झमाझम बारिश शुरू हो गई। वर्षा के दौरान ही कई जगहों पर बिजली गिरी। इससे चिरगांव में एक बच्ची की मौत हो गई। जबकि, चिरगांव व बंगरा के गांव में ही पांच लोग झुलस गए। इसके साथ ही बिजली गिरने से 21 बकरियां मर गईं। दिनभर में 24 मिलीमीटर पानी गिरा। इससे कही विद्युत आपूर्ति ठप हो गई तो कहीं, उपकरण फुंक गए। आज भी वर्षा के आसार हैं।
चिरगांव के ग्राम नरी निवासी छोटे आदिवासी की पुत्री
प्रीति (8) तथा गैबू आदिवासी की पुत्री
अर्चना सुबह बकरियां चराने गई थी। दोपहर करीब एक बजे जब आसमान में बिजली तड़की तथा बारिश होने लगी। इसी बीच दोनों बच्चियां अपनी बकरियों को एकत्रित कर घर की ओर ला रही थीं। तभी तेज बारिश के कारण एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इस बीच बिजली गिरी और दोनों करंट से झुलस गईं। जानकारी लगते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पीआरवी उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिरगांव पर लाई, जहां चिकित्सकों ने प्रीति को मृत घोषित कर दिया। जबकि अर्चना की हालत खराब होने के कारण उसे मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी लगते ही तहसीलदार मोंठ ज्ञानप्रकाश मौके पर पहुंचे तथा परिवारजनों से जानकारी करते हुए पोस्टमार्टम कराया।
वहीं,
चिरगांव के बरल निवासी
सुखनंदन अपनी बकरियों और भैंसों को लेकर चराने गया था, दोपहर करीब दो बजे बिजली गिरने से तीन बकरियां जलकर मर गईं। सुखनंदन भी चपेट में आकर झुलस गया।
वहीं,
बंगरा के ग्राम नोटा में शाम करीब 4:30 बजे बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्य झुलस गए। हादसे में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई है। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। ग्राम निवासी रामचरण कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि बिजली गिरने से
राम विजय कुशवाहा (40 वर्ष), उनकी पुत्री
शिवानी (22 वर्ष) एवं
रति कुशवाहा (60 वर्ष) झुलस गए। इसके साथ ही राम विजय की दो बकरियां भी मौके पर ही मृत हो गईं। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक उल्दन दिनेश कुरील व उपजिलाधिकारी टहरौली गौरव आर्य ने मामले की जांच की।
वहीं,
बंगरा के ग्राम बिजना निवासी कुलदीप ने पुलिस बताया कि बिजना में बिजली गिरने से 16 बकरियां मर गईं। मौके पर पहुंची पुलिस को बिजना गांव से करीब एक किलोमीटर दूर पलटू अहिरवार के खेत में प्रमोद, हरि सिंह, दिनेश यादव की बकरियां मृत हालत में पड़ी थीं। उप जिलाधिकारी टहरौली गौरव आर्य, क्षेत्राधिकारी टहरौली अरुण कुमार राय, लेखपाल उमेश पटेल, थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुरील, प्रधान रामप्रकाश मौके पर पहुंचे और उन्होंने मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।