ilait choraha jam , jhansi news
- फोटो : amar ujala
झांसी। चार दिन से लापता सचिन साहू का सुराग नहीं मिलने पर रविवार को परिजनों का सब्र टूट गया। गुस्साई महिलाओं व पुरुषों ने इलाइट चौराहा पर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इससे चौराहे पर आवागमन प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची नवाबाद थाना पुलिस ने उन्हें समझाकर जाम खुलवाया।
सिविल लाइंस निवासी जितेंद्र साहू पुत्र चंद्रशेखर ने बताया कि उसका छोटा भाई सचिन साहू (31) बुधवार यानी 25 मई की सुबह 10 बजे घर से निकला था। करीब सवा ग्यारह बजे उसने फोन किया तो सचिन ने बताया कि वह बॉस के साथ में हैं, बाद में बात करेगा। जब जितेंद्र ने दोबारा फोन मिलाया तो उसका फोन स्विच ऑफ था। शाम तक जब उसका फोन नहीं लगा तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने परिचितों से संपर्क करके उसकी तलाश शुरू कर दी।
तब पता चला कि सचिन साहू दोपहर करीब 12 व एक बजे के बीच में सदर बाजार में परिचित संजय राय की दुकान पर बैग रखकर गया था, तब से लौटकर नहीं आया है। खोज में जुटे परिजनों को उसका एक पत्र मिला, जिसमें लिखा था कि वह एक कंपनी के चार लोगों के काम से परेशान आ गया है। वह चारों के खाते में 6.20 लाख रुपये ट्रांसफर करवा चुका है। परिजनों ने तुरंत पत्र थाना नवाबाद पुलिस को दिखाकर उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई।
चार दिन गुजरने के बावजूद सचिन का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजन अनहोनी की आशंका से ग्रसित हो गए हैं, जिससे रविवार की सुबह उनका धैर्य जवाब दे गया। करीब साढ़े ग्यारह बजे परिवार की दर्जनों महिलाएं व पुुरुष इलाइट चौराहा पहुंचे, जहां जाम लगा दिया।
उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों का आरोप था कि पुलिस उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दे रही है। थाना प्रभारी नवाबाद का कहना है कि सचिन की प्राथमिकता से तलाश की जा रही है। कोई जानकारी मिलेगी तो परिजनों को बताई जाएगी।