झांसी। डेढ़ माह से लापता शिक्षक का अब तक सुराग नहीं लग पाया है। शिक्षक की पत्नी ने अपहरण और हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने अब जाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की है।
सिविल लाइन कुंज बिहारी मंदिर निवासी अशोक सेन बड़ागांव ब्लाक के दातार नगर जूनियर हाईस्कूल में सहायक अध्यापक हैं। जबकि, उनकी पत्नी विनीता ओमरे राजकीय इंटर कालेज में वरिष्ठ लिपिक हैं। 20 जून को दोपहर तकरीबन डेढ़ बजे उनके पति घर से मोबाइल रिचार्ज कराने की बात कहकर निकले थे। लेकिन, इसके बाद वह वापस नहीं आए। काफी तलाश करने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला। पत्नी ने इसकी सूचना नवाबाद थाना पुलिस को दी। बावजूद, शिक्षक की सुरागकशी नहीं हो पाई। विनीता ने पति के अपहरण और हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, उन्होंने किसी पर शक जाहिर नहीं किया है। नवाबाद थाना पुलिस ने मंगलवार को गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज की है। विनीता ने बताया कि वह पति के गायब होने के अगले दिन से ही पुलिस से संपर्क कर रही है। लेकिन, अब तक पुलिस पति के बारे में कोई सुराग नहीं लगा पाई है।