झांसी। अवैध निर्माण पर आपत्ति जतानेे पर झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) के अवर अभियंता व चतुर्थ श्रेणी कर्मी को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने की प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दो नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जेडीए के अवर अभियंता विनोद कुमार 18 नवंबर को चतुर्थ श्रेणी कर्मी संतोष कुमार निवासी दतिया गेट बाहर कोतवाली के साथ हंसारी गए थे। मैन रोड पर चल रहे अवैध निर्माण पर उन्होंने आपत्ति जताई थी। इसकी जानकारी होने पर अवैध निर्माण कराने वाले अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे थे और विनोद कुमार व संतोष कुमार की जमकर पिटाई की थी।
किसी तरह बंधन मुक्त होकर आए अवर अभियंता व चतुर्थ श्रेणी कर्मी ने प्राइवेट अस्पताल में उपचार करवाया था। हमलावरों की धमकी से भयभीत अभियंता बिना किसी को सूचना दिए ट्रेन से गाजियाबाद अपने घर चले गए थे।
जानकारी होने पर जिलाधिकारी अनुराग यादव ने शनिवार को चतुर्थ श्रेणी कर्मी संतोष कुमार को बुलाकर पूछताछ की। उनके आदेश पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने देर रात अभियंता व चतुर्थ श्रेणी कर्मी से मारपीट करने वालों के खिलाफ दर्ज कर ली। संतोष कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि घूरे यादव व चंदन यादव पुत्रगण छुट्टन यादव व अन्य अज्ञात साथियों ने बंधक बनाकर जान से मारने की नीयत से बेरहमी से मारपीट की।
सरकारी कार्य में बाधा डालकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। प्रेमनगर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी मगर कोई सफलता नहीं मिली।