झांसी। मनरेगा योजना के काम के लिए खेत से जबरन मिट्टी उठाने की शिकायत पुलिस में करने से नाराज प्रधान परिवार ने फरियादी किसान के परिजनों पर कहर ढा दिया। न सिर्फ किसान की पिटाई की बल्कि उसके घर की महिलाओं से अभद्रता कर उनकी भी मारपीट कर दी। पुलिस थाने में शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई न होने पर पीड़ित परिवार ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
सकरार थाना क्षेत्र के ग्राम लुहरगांव भट्ट निवास खंजू पुत्र तुलई अहिरवार ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव के प्रधान द्वारा मनरेगा के काम के लिए उसके खेत से मिट्टी उठाई जा रही थी। उसने रोका तो महिला प्रधान के देवरों ने उसके साथ मारपीट कर भगा दिया। पीड़ित ने 5 मई को इसकी शिकायत थाने में की।
पुलिस आई और लेखपाल से जमीन नपवाने की बात कहकर चली गई। सोमवार 8 मई को प्रधान का देवर कुछ लोगों के साथ उसके घर आया और धमकाते हुए घर में घुसकर उसकी मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने आई परिवार की महिलाओं से भी अभद्रता की और उनकी भी पिटाई कर दी।
इससे सभी लोग घायल हो गए। सूचना देने थाने गए तो पुलिस ने काफी देर थाने पर बैठाए रखा और बाद में वहां से चलता कर दिया। पीड़ित ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में विपक्षियों के खिलाफ कार्रवाई करने एवं पीड़ित परिवार की सुरक्षा किए जाने की मांग की है।